पुलिस की दबिश में मासूम की मौत, CPI(M) ने की सख्त कार्रवाई की मांग
अलवर, 4 मार्च 2025 । अलवर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के गांव तेलियाबास कॉलोनी (रघुनाथगढ़) में पुलिस की दबिश के दौरान एक माह की मासूम बच्ची अलशीबा की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता इमरान ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। इमरान के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने पलंग पर सोई बच्ची के सिर पर पैर रख दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बच्ची के मुंह और कान पर काले निशान बन गए तथा नाक व मुंह से खून निकल आया। इस घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही भारत की कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी का प्रतिनिधि मंडल घटनास्थल पर पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल में पार्टी की पोलित ब्यूरो सदस्य बृंदा करात, राजस्थान राज्य सचिव किशन पारीक, राज्य सचिव मंडल सदस्य सुमित्रा चोपड़ा, अलवर जिला सचिव रईसा, रामगढ़ तहसील सचिव मुख्यारसिंह, गोविंदगढ़ तहसील सचिव जाकिर और जिला समिति सदस्य इमरान शामिल थे। उन्होंने मृतका के पिता इमरान और मां राजिदा से घटनाक्रम की जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
सीपीआई (एम) ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने मांग की है कि एफआईआर में और पुलिसकर्मियों के नाम जोड़े जाएं और पूरे थाना स्टाफ को निलंबित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि यह घटना प्रदेश और देश में धर्म विशेष को लेकर बनाए जा रहे घृणात्मक माहौल का परिणाम है, जहां जिन पुलिसकर्मियों पर समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही हत्या जैसा घिनौना कृत्य कर रहे हैं। बृंदा करात ने कहा कि यह मामला पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है और पार्टी इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें